नगर परिषद अध्यक्ष, प्रशासक और पार्षदों ने पानी में उतरकर जाना लोगों का हाल, राहत सामग्री का किया वितरण
साहिबगंज। शहरी क्षेत्र के कई वार्ड इन दिनों बाढ़ की चपेट में हैं। कई रिहायशी इलाकों के घरों में कमर तक पानी प्रवेश कर जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह समेत कई वार्ड पार्षद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। बायसी स्थान के समीप रिहायशी इलाकों में पहुंचकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पानी में उतरकर डोर-टू-डोर लोगों की समस्याएं सुनीं।
पानी में उतरकर बांटी राहत सामग्री, बीमारी से बचाव पर जोर :
नगर परिषद की ओर से करीब 100 से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच बिस्किट, पानी की बोतल, बच्चों के लिए टॉफी और चूड़ा समेत सूखा राहत सामग्री वितरित की गई। अध्यक्ष ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। जलजमाव से बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बाढ़ प्रभावित वार्डों का जायजा लेकर जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।



