झारखंड के नेता सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इसे राजनीतिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया है.
लोहरदगा: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन की खबर ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया. सार्वजनिक जीवन में सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है.
संवेदनशील और कर्मठ जनप्रतिनिधि थे सोनू
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड ने एक संवेदनशील और कर्मठ जनप्रतिनिधि खो दिया है. कुछ व्यक्तित्व अपने पद से नहीं, बल्कि अपने व्यवहार, संवेदनशीलता और लोगों के बीच छोड़ी गयी आत्मीय छाप के कारण हमेशा याद किये जाते हैं. सुदिव्य कुमार सोनू भी ऐसे ही व्यक्तित्व थे.
राजनीतिक और सामाजिक जगत के लिए बड़ी क्षति
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन केवल उनके परिवार और करीबी लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक जगत के लिए भी गहरा आघात है. उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा.
जनसेवा और आत्मीयता हमेशा याद रहेगी
सुखदेव भगत ने कहा कि दुख की इस घड़ी में शब्द भी अपनी संवेदना व्यक्त करने में छोटे पड़ जाते हैं. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. साथ ही दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की. सांसद ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की जनसेवा, सक्रियता और लोगों के प्रति आत्मीयता हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगी. उनके जाने से ऐसी कमी पैदा हुई है, जिसकी टीस लंबे समय तक महसूस की जायेगी.



