मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बरहरवा पहुंचकर की भौतिक जांच, प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश
साहिबगंज/बरहरवा। विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी शिकायतों की जांच को लेकर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को बरहरवा प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर भौतिक सत्यापन किया। शिकायत मिली थी कि कुछ लोगों ने संदिग्ध दस्तावेज के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास किया है।
चार आवेदकों पर फर्जी प्रमाण-पत्र का आरोप:
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चिह्नित लोगों के घर पहुंचकर उनके निवास, मतदाता पंजीकरण और प्रस्तुत दस्तावेजों की जानकारी ली। जांच में आहुतग्राम पंचायत के एक मतदान केंद्र से जुड़े लोगों पर कथित रूप से फर्जी आवासीय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का मामला सामने आया। इसके बाद बीडीओ को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया।
प्रज्ञा केंद्र संचालक पर भी कार्रवाई:
आरोप है कि उक्त लोगों से पैसे लेकर कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने वाले प्रज्ञा केंद्र संचालक पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को संदिग्ध दस्तावेजों से जुड़े मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



