झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में को-ऑप्शन के तहत दो महिला वकीलों के नाम का चयन कर लिया गया है. अधिवक्ता इंद्राणी सेन और अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू को चुना गया है. अब इन नामों को चीफ जस्टिस की सहमति के लिए भेजा गया है.
रांची. झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में को-ऑप्शन के तहत दो महिला वकीलों के नाम का चयन कर लिया गया है. झारखंड हाईकोर्ट की ओर से भेजे गए पांच महिला वकीलों के नामों में से स्टेट बार काउंसिल के निर्वाचित सदस्यों ने दो नामों का चयन किया है.
अधिवक्ता इंद्राणी सेन और अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू चयनित
चयनित नामों में वरीय अधिवक्ता इंद्राणी सेन चौधरी और अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू शामिल हैं. बार काउंसिल ने दोनों नामों को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पास सहमति के लिए भेज दिया है. चीफ जस्टिस की ओर से सहमति मिलने के बाद चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ की ओर से इन्हें निर्वाचित घोषित कर गजट नोटिफिकेशन के लिए भेजा जाएगा.
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्यों में 7 महिला
उल्लेखनीय है कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल में सदस्यों की कुल संख्या 25 है, जिसमें 7 सीटें महिला वकीलों के लिए आरक्षित हैं. 22 सदस्य पहले ही निर्वाचित घोषित हो चुके हैं, जिनमें 5 महिला वकील भी शामिल हैं और उनका गजट नोटिफिकेशन भी हो चुका है. एक सीट अभी विवादित है, जबकि दो सीटों पर को-ऑप्शन से महिला अधिवक्ताओं का चयन किया जाना है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है.



