उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के बकाईटोला गांव निवासी एक युवक की गुजरात में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान सफीक शेख के रूप में हुई है। बताया गया कि सफीक शेख करीब तीन माह पूर्व रोजगार की तलाश में गुजरात गया था, जहां वह अनार के बागान में मजदूरी का काम करता था। मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे काम समाप्त करने के बाद वह स्कूटी से अपने किराये के मकान की ओर लौट रहा था। इसी दौरान हालवद बाजार के समीप एक अज्ञात ट्रक ने उसकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सफीक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर वहां मौजूद परिचित युवक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सफीक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना परिवार वालों को मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि गुरुवार सुबह गुजरात में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को सड़क मार्ग से बकाईटोला स्थित पैतृक गांव लाया जाएगा।



