बरहेट/साहिबगंज। लगातार हो रही बारिश के कारण गुमानी नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने से संभावित नुकसान की आशंका को देखते हुए गुरुवार को बरहेट बैरेज का निरीक्षण किया गया। पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के निर्देश पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान बरहेट पहुंचे और बैरेज की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान बरकत खान ने विभागीय सहायक अभियंता से बातचीत कर बैरेज के फाटक से हो रहे पानी के तेज प्रवाह को कम करने की दिशा में आवश्यक पहल की। उन्होंने अधिकारियों से जलप्रवाह और बैरेज की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
वहीं, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम भी गुमानी नदी की स्थिति का जायजा लेकर विभागीय कार्यपालक अभियंता से बातचीत कर चुके हैं। वे लगातार नदी के जलस्तर और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं, ताकि लोगों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
बरकत खान ने कहा कि यदि आगे बारिश नहीं होती है तो शाम तक गुमानी नदी में पानी के प्रवाह की स्थिति सामान्य होने की संभावना है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



