खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम के विरोध में आंदोलन, बरहेट में पंकज मिश्रा ने की बैठक
बरहेट/साहिबगंज। खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से 7 सितंबर को साहिबगंज जिले के सभी नौ प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय महाधरना दिया जाएगा। आंदोलन की तैयारी को लेकर बरहेट वन विश्राम गृह में झामुमो की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा मुख्य रूप से शामिल हुए। अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने की।
बैठक में पंकज मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के राजस्व पर असर पड़ने की आशंका है और इसका प्रभाव मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना तथा सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है।
उन्होंने झामुमो कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित महाधरने में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से सरकार तक पार्टी और जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।
ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
बैठक के दौरान पंकज मिश्रा ने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कई समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आवश्यक पहल करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू समेत झामुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



