पिता का आरोप- दो लोग कर रहे थे प्रताड़ित, सेना में भर्ती होने का सपना देख रहा था शिवा
साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के राधानगर गांव में गुरुवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मुन्ना राय के पुत्र शिवा राय के रूप में हुई है। घटनास्थल से कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिसमें कुछ लोगों के नाम का जिक्र होने की जानकारी है। हालांकि, सुसाइड नोट में क्या लिखा है और युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों के अनुसार शिवा पिछले करीब तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। बुधवार देर रात वह घर पहुंचा था। गुरुवार सुबह परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला तो शिवा फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

पिता ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
मृतक के पिता मुन्ना राय ने बताया कि उनका बेटा भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देखता था और इसके लिए तैयारी कर रहा था। वह नियमित रूप से सुबह-शाम दौड़ लगाता था। पिता का आरोप है कि दो लोगों द्वारा शिवा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि मौत से पहले शिवा सुसाइड नोट छोड़ गया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस कर रही सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच
राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोगों का जिक्र होने की बात सामने आई है। फिलहाल परिवार की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की छानबीन की जाएगी।
महज 20 वर्ष की उम्र में शिवा की मौत से परिजनों के साथ-साथ गांव और उसके परिचितों में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और सुसाइड नोट में दर्ज बातों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



