एनोमली मतदाताओं की त्रुटियों के सुधार को लेकर आयोजित हुआ विशेष शिविर
बरहेट/साहिबगंज। मतदाता सूची में शामिल एनोमली मतदाताओं के नाम, उम्र एवं अन्य विवरणों में दर्ज त्रुटियों के सुधार को लेकर बुधवार को बरहेट प्रखंड कार्यालय सभागार में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनके विवरणों में सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर में सहायक निर्वाचक पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, बीडीओ सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी अंशु कुमार पांडेय, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी तथा झामुमो प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान मौजूद रहे। अधिकारियों एवं कर्मियों ने शिविर में पहुंचे मतदाताओं को मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया की जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर त्रुटियों के सुधार में सहयोग किया।
संथाल परगना आयुक्त ने लिया जायजा:

इसी क्रम में संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेन्द्र लाल भी विशेष शिविर में पहुंचे और चल रही सुधार प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार, प्राप्त आवेदनों तथा शिविर में चल रही पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
आयुक्त ने अधिकारियों को मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया को आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



