बरहेट/साहिबगंज। संवाददाता। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शिवगादी धाम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल एवं राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी पहुंचे। अधिकारियों ने प्राकृतिक गुफा में विराजमान बाबा गाजेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया तथा महाआरती में शामिल होकर जिले की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा:
पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों से आवश्यक जानकारी लेते हुए सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
प्रबंध समिति ने किया सम्मानित:
इस अवसर पर शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से एसपी अमित कुमार सिंह, एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल एवं विमलेश त्रिपाठी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मौके पर मंदिर के पुरोहित, प्रबंध समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



