राहत शिविरों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश, प्रभावितों की जरूरतों को दी प्राथमिकता
साहिबगंज। संवाददाता। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर समाहर्ता विजय कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू ने शुक्रवार को नगर परिषद क्षेत्र में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर सहित विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
घाटों पर पहुंचकर प्रभावितों से ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राहत शिविर में पेयजल, भोजन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को शिविरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद शकुंतला सहाय घाट, ओझा टोली घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों का स्थल निरीक्षण कर जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर राहत सामग्री और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। वहीं पशुपालकों से बातचीत कर पशुओं के लिए उपलब्ध चारा एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।



