बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13011/13012) के ठहराव की मांग को लेकर नवझारखंड जनएकता संगठन की ओर से दरियापुर पंचायत में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में दरियापुर मदरसा के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि ट्रेन का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के मजदूरों, व्यवसायियों, छात्रों और मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है। कई लोगों को यात्रा के लिए बंगाल की ओर जाना पड़ता है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च बढ़ता है।
अभियान के दौरान लोगों ने मांग के समर्थन में हस्ताक्षर कर रेलवे प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया। संगठन ने कहा कि ठहराव शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन से जनहित में जल्द ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई। मौके पर सरफराज अहमद, अनसार अली मिंटू, अब्दुल मालेक, अमीर हमजा, वसीम अख्तर, मौलाना अब्दुल वाहिद व मौलाना अनारुल इस्लाम सहित अन्य मौजूद रहे।



