बोरियो। संवाददाता। पेंशन घोटाले के मामले में बोरियो थाना पुलिस ने गुरुवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोरियो संथाली पंचायत के पंचायत समिति सदस्य इरशाद अंसारी, पिता मनीरुद्दीन अंसारी, निवासी बोरियो संथाली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने ऑपरेटर की मिलीभगत से कथित तौर पर कई अयोग्य लाभुकों को गलत तरीके से पेंशन योजना का लाभ दिलाने में भूमिका निभाई। पेंशन घोटाले का मामला सामने आने के बाद से इरशाद अंसारी लंबे समय से फरार चल रहा था।
मामले को लेकर बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि बोरियो थाना कांड संख्या 48/26 में अप्राथमिकी अभियुक्त इरशाद अंसारी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।



