विधायक एम.टी. राजा ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील, बोले- समाज को मिलकर उठानी होगी आवाज
राजमहल (साहिबगंज)। संवाददाता। राजमहल शहर के चरवाहा स्थित बस स्टैंड परिसर में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को लेकर भव्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजमहल प्रखंड के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग जुलूस की शक्ल में शामिल हुए। धार्मिक नारों और उत्साह के बीच पूरा क्षेत्र जश्न-ए-मिलाद के रंग में रंगा नजर आया।
बेगडुबी, खोजपड़ा, मुर्गी टोला, बाबू टोला, मटियाल, राजवाड़ा, लखीपुर और मानसिंगा सहित विभिन्न क्षेत्रों से निकले जुलूस फुलवरिया मोड़ पर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी प्रमुख मार्गों से होते हुए चरवाहा बस स्टैंड पहुंचे। यहां आयोजित सभा में मौलानाओं ने अपनी तकरीर के माध्यम से पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
युवाओं को नशे से बचाना समाज की जिम्मेदारी : विधायक :

सभा को संबोधित करते हुए राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमपी राजा ने कहा कि जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी आपसी भाईचारे, इंसानियत और नेक रास्ते पर चलने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से नबी साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। विधायक ने क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए नुकसानदायक है। समाज के लोगों को अपने गांव और मोहल्लों में इसके खिलाफ जागरूकता फैलानी चाहिए तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर तैनात रही। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद किताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ, जिला परिषद सदस्य मोहम्मद बारीक शेख, नफिल शेख, वार्ड पार्षद मोहम्मद बरकत शेख सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं समाज के सदस्य मौजूद रहे।



