अंजुमन नगर से शुरू हुआ जुलूस, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर फिर अंजुमन नगर में हुआ संपन्न
साहिबगंज। संवाददाता। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को साहिबगंज शहर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के तहत भव्य जुलूस निकाला गया। शहर के अंजुमन नगर स्थित मदरसा फिरदौसिया फैजाने मुस्तफा से केंद्रीय कमेटी के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में मुस्लिम समुदाय के हजारों अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस को लेकर सुबह से ही अंजुमन नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा।

जुलूस अंजुमन नगर से शुरू होकर लाल रोड, गांधी चौक, पटेल चौक, कुलीपाड़ा, हबीबपुर, कॉलेज रोड, सकरीगढ़ और हाजरा टोला होते हुए वापस अंजुमन नगर पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया। इस दौरान अकीदतमंदों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नात और धार्मिक नारों के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही मजबूत :

जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, बड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी जुलूस के साथ मौजूद रहे और पूरे मार्ग की निगरानी करते रहे।

वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल और टाइगर मोबाइल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी यातायात को नियंत्रित करने के साथ जुलूस के सुरक्षित संचालन पर नजर बनाए रहे।
जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजकों ने जुलूस में शामिल लोगों से अनुशासन बनाए रखने तथा शहर में आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने की अपील की।



