रांची। झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) में मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के फैसले की झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जे.जे.ए.) ने कड़ी निंदा की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार लाभ और प्रदेश महासचिव संजीव समीर ने इस निर्णय को लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक बताते हुए विरोध जताया है।जे.जे.ए. के संस्थापक शाहनवाज हसन ने इस मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी हैं और उन्हें समाचार संकलन से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
कैबिनेट बैठक की कवरेज का पत्रकारों ने किया बहिष्कारमंत्रालय में प्रवेश पर रोक के विरोध में राजधानी रांची के पत्रकारों ने कैबिनेट बैठक की कवरेज का बहिष्कार किया। विरोध के दौरान पत्रकारों के कैमरे शांत रहे और माइक एवं पहचान-पत्र जमीन पर रखे नजर आए।
जे.जे.ए. ने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन से रोकने के बजाय सरकार और मीडिया के बीच संवाद के माध्यम से व्यवस्था का समाधान किया जाना चाहिए। संगठन ने सरकार से मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों के समाचार संकलन के अधिकार को लेकर स्पष्ट एवं सकारात्मक पहल करने की मांग की है।



