चुआर क्षेत्र में कटाव का कहर, कई परिवारों ने शुरू किया पलायन
ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत-बचाव की लगाई गुहार
उधवा। प्रखंड के दियारा क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कटाव का सिलसिला भी तेज हो गया है। लगातार हो रहे कटाव से नदी किनारे बसे गांवों में भय का माहौल है। चुआर क्षेत्र में कटाव की चपेट में आकर एक विद्यालय समेत कई घर गंगा में समा चुके हैं, जबकि कई अन्य मकानों पर अब भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के साथ नदी का कटाव भी तेजी से बढ़ रहा है। नदी किनारे की जमीन धीरे-धीरे गंगा में समा रही है। फिलहाल चुआर स्थित कई निवास स्थानों में बाढ़ का पानी प्रवेश नहीं किया है, लेकिन जलस्तर बढ़ने के कारण खतरा लगातार बना हुआ है। कटाव की चपेट में आने से चुआर स्थित यूपीएस तैमूर टोला विद्यालय भी पूरी तरह ढह गया है। विद्यालय के सचिव फैजुद्दीन शेख ने बताया कि बीते दिनों तेज कटाव के कारण विद्यालय का भवन नदी में समा गया। इसके अलावा ग्रामीण हारून शेख, सेनारूल शेख, जाकिर शेख, अशरफुल शेख एवं जीरू शेख के घर भी कटाव की भेंट चढ़ चुके हैं।

आशियाना बचाने को पलायन को मजबूर परिवार :
कटाव बढ़ने के साथ नदी किनारे बसे परिवार अपने घर और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की जद्दोजहद में जुटे हैं। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन शुरू कर चुके हैं, जबकि कटाव की जद में आए अन्य परिवार भी किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटाव इसी रफ्तार से जारी रहा तो आने वाले दिनों में कई और घर गंगा में समा सकते हैं।
प्रशासन से तत्काल राहत-बचाव की मांग :
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से कटाव प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर बचाव एवं राहत कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने समय रहते कटावरोधी उपाय किए जाने के साथ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, राहत सामग्री, मेडिकल सुविधा एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी संख्या में परिवारों के जान-माल पर संकट खड़ा हो सकता है।



