हल्की हवा-बारिश में तार टूटकर गिरने का खतरा, लो-वोल्टेज की समस्या से भी परेशान ग्रामीण
उधवा। प्रखंड क्षेत्र के राधानगर पंचायत अंतर्गत राजेन्द्रनगर गांव में जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को सहायक विद्युत अभियंता, राजमहल को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए जल्द समाधान की मांग की है।ग्रामीण इंद्रजीत मंडल, सुशील राय, मिठून मंडल, मनोज मंडल, सुधीर घोष, अमित राय, जितेन मंडल, राम विलास मंडल, बिरेन मंडल, कुंदन मंडल, संजीव कुमार मंडल, शंकर साहा, सत्यम मंडल, आशीष साहा, विष्णु साहा, सहित दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरित आवेदन में बताया कि गांव में बिछाए गए बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। आए दिन तारों में शॉर्ट-सर्किट एवं स्पार्किंग की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हल्की हवा या बारिश के दौरान जर्जर तार टूटकर जमीन पर गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। वहीं, पुराने तारों के कारण गांव में लो-वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर तारों को जल्द बदलकर उनकी जगह कवर तार लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बिजली तारों को नहीं बदला गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।



