बरहरवा: प्रखंड सह अंचल कार्यालय बरहरवा में सोमवार को एसआईआर नोटिसों के निस्तारण के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची से संबंधित त्रुटियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान करना था।
अधिकारियों के अनुसार, फॉर्म भरते समय आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले कुछ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। कैंप में पहुंचे नोटिस धारकों के वैध दस्तावेजों की बारीकी से जांच और सत्यापन किया गया।

सही दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले लोगों के फॉर्म स्वीकार किए गए, ताकि पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें। इसके अलावा कैंप में पहुंचे लोगों की अन्य समस्याओं का भी समाधान करने के साथ उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कैंप में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दस्तावेजों का सत्यापन कराकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार ने बताया कि नोटिस प्राप्त लोगों के कागजातों का मिलान किया गया। सही दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराने वाले लोगों के फॉर्म स्वीकार किए गए हैं, जिससे उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।



