किसानों की समस्याओं के समाधान और फसल बीमा दिलाने को प्राथमिकता : गणेश तिवारी
दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना रहेगा प्रमुख लक्ष्य : महेंद्र पोद्दार
साहिबगंज। संवाददाता। भारत सरकार की कृषि बीमा कंपनी के गैर सरकारी निदेशक नियुक्त भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी एवं कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण कॉर्पोरेशन के गैर सरकारी निदेशक महेंद्र पोद्दार के सम्मान में रविवार को अमख पंचायत भवन स्थित बड़ी धर्मशाला में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव के नेतृत्व में किया गया। दोनों नवनियुक्त निदेशकों को पूर्व विधायक अनंत ओझा, भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
किसानों की समस्याओं को केंद्र तक पहुंचाने का भरोसा:

गणेश तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने साहिबगंज को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों, विशेषकर दियारा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा। लंबित फसल बीमा का भुगतान कराने तथा जमीन के सर्वे और प्लॉट संख्या से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान हित में हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
दिव्यांगजनों को मिलेगा कृत्रिम अंग का लाभ:
महेंद्र पोद्दार ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सुविधाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
पूर्व विधायक अनंत ओझा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और देशहित में काम करना भी उनका दायित्व है। उन्होंने दोनों निदेशकों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह ने किया। मौके पर प्रेमलाल मंडल उर्फ मंटा मंडल, प्रो. कमल महावर, कुमारी गरिमा, अनंत सिन्हा, अमित पांडे, प्रमोद पांडे, कालिदास पाठक, सुनील भरतिया, राजेंद्र पोद्दार, सज्जन पोद्दार, डोली शर्मा, चांदनी देवी, सरिता देवी, अन्नू कुमारी, श्वेता श्रीवास्तव, सिंधु पांडे, केशव तंबाकूवाला, मंडल मुर्मू, चंद्रभान शर्मा, विनोद चौधरी, सलखु सोरेन, गौतम पंडित, शिवम शर्मा, जयप्रकाश सिन्हा, संजय पटेल, सिकंदर पोद्दार, मनोज यादव, अनुराग राहुल, सुनील सिंह, प्रकाश कुमार पंडित, प्रमोद झा, रविंद्र दास एवं विक्रम दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



