डीसी ने जताई नाराजगी, समय पर ड्यूटी और बायोमेट्रिक उपस्थिति के दिए सख्त निर्देश
साहिबगंज: सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार मौके पर मौजूद नहीं मिले। जानकारी मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे। पूर्व में भी निरीक्षण के दौरान उनकी अनुपस्थिति सामने आने तथा सुबह 9 बजे तक कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश के बावजूद अनुपस्थित पाए जाने पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को कारणपृच्छा जारी करने का निर्देश दिया।
ड्यूटी से गायब चिकित्सकों पर कार्रवाई के निर्देश:
आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मोहन मुर्मू भी अनुपस्थित मिले। उपायुक्त ने इस मामले में भी कारणपृच्छा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर अस्पताल पहुंचने, बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने और रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करने की सख्त हिदायत दी।
मरीजों की सुविधाओं में सुधार पर जोर:

उपायुक्त ने ओपीडी, ट्रॉमा सेंटर, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, विभिन्न वार्ड, दवा वितरण केंद्र, जन औषधि केंद्र एवं दवा भंडार का निरीक्षण किया। कई व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। अल्ट्रासाउंड सेवा को लेकर मरीज से मिली शिकायत पर संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने तथा जांच के बाद जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जेनेरिक दवाएं लिखने का निर्देश:

दवा वितरण केंद्र में ऐसी ब्रांडेड दवाएं लिखे जाने की जानकारी मिली, जो अस्पताल में उपलब्ध नहीं थीं। इस पर उपायुक्त ने चिकित्सकों को यथासंभव जेनेरिक दवाएं लिखने तथा अस्पताल में जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया। जन औषधि केंद्र में कम दवा उपलब्धता पर भी संबंधित कर्मियों से जवाब-तलब करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर इलाज, सुविधा और सम्मानजनक व्यवहार का हकदार है।



