उपायुक्त ने राहत-बचाव की तैयारियों को लेकर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
साहिबगंज: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने रविवार को गूगल मीट के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। ओझाटोली घाट पर गंगा का जलस्तर करीब 27.25 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान के करीब है। अगले एक-दो दिनों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।
राहत शिविरों में भोजन, पानी और जरूरी सुविधाओं की तैयारी
उपायुक्त ने साहिबगंज, राजमहल एवं उधवा में राहत शिविर तैयार रखने तथा वहां पेयजल, भोजन, सूखा राशन, दरी-गद्दा, प्रकाश, शौचालय और बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। तटवर्ती एवं दियारा क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए जागरूक करने को कहा गया।
नाव, मेडिकल टीम और मवेशियों के लिए भी व्यवस्था:
बचाव कार्य के लिए पर्याप्त नाव एवं लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को दवा, एंटी-वेनम, ब्लीचिंग पाउडर और बोट एम्बुलेंस तैयार रखने को कहा गया। मवेशियों के लिए राहत केंद्र, शेड एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, एसडीओ अमर जॉन आईन्द, सदानंद महतो सहित संबंधित बीडीओ, सीओ एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



