साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मजहर टोला स्थित एकरा कॉलोनी में शुक्रवार तड़के चोरी के दौरान एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना उर्दू मिडिल स्कूल के समीप रहने वाले टेलर मास्टर नजीर के घर की है। नजीर ने बताया कि सुबह करीब चार बजे चोर घर में घुसकर दुकान के गल्ले से नकदी और सामान निकाल रहा था। आहट मिलने पर उनकी पत्नी निशा परवीन ने चोर को पकड़ने का प्रयास किया, तभी आरोपी ने हंसिया से उनके सिर पर वार कर दिया। घायल महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर छह टांके लगाए गए। घटना के दौरान चोर अपना हथियार, चप्पल और घड़ी छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने जिरवाबाड़ी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।




