उधवा से लेकर तीनपहाड़ तक बिहार पुलिस की छापेमारी, अमानत दियारा से बदरुद्दीन शेख और हाथीगढ़ से स्वर्ण कारोबारी विजय कुमार सोनी से पूछताछ
उधवा। बिहार के अररिया जिले में ज्वेलरी शोरूम से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान की चोरी के मामले में अब झारखंड के साहिबगंज जिले तक पुलिस की जांच पहुंच गई है। इस हाईप्रोफाइल चोरी की वारदात के तार साहिबगंज से जुड़ने के बाद बिहार पुलिस की विशेष टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान राधानगर थाना क्षेत्र के अमानत दियारा से बदरुद्दीन शेख उर्फ छोटा बदरा तथा तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के हाथीगढ़ से स्वर्ण कारोबारी विजय कुमार सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। करीब एक करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी के इस मामले ने सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय कथित अंतरराज्यीय गिरोह और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री के नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज कर दी है।
शटर, कोलैप्सिबल गेट और लॉकर काटकर दिया था वारदात को अंजाम
———————
मिली जानकारी के अनुसार, अररिया शहर के बस स्टैंड रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समीप शगुन ज्वेलर्स में 17-18 नवंबर की रात अज्ञात अपराधियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बताया जाता है कि अपराधियों ने गैस कटर की मदद से दुकान का शटर, कोलैप्सिबल गेट और लॉकर काटकर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। हैरानी की बात यह रही कि जिस दुकान में चोरी की घटना हुई, वह अररिया पुलिस अधीक्षक के आवास से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित बताई गई है। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल बन गया था।
मालदा से दो आरोपी गिरफ्तार, 5.330 किलो चांदी बरामद
——————
घटना की गंभीरता को देखते हुए अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से उज्ज्वल मंडल और अफसर खान को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के मालदा से चोरी के सामान बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में 5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण एवं बर्तन, सोने जैसे दिखने वाले कई आभूषण और घटना में इस्तेमाल की गई पश्चिम बंगाल नंबर की पिकअप वैन (WB 65 E-3367) शामिल है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
राजमहल से मनिहारी के रास्ते सीमांचल पहुंचता था गिरोह!
——————–
इस मामले में सामने आई एक अहम जानकारी के अनुसार, पुलिस की जांच में गिरोह के सदस्यों के काम करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य झारखंड के राजमहल से मनिहारी के रास्ते गंगा पार कर बिहार के सीमांचल इलाके में पहुंचते थे।
बताया गया है कि गिरोह के सदस्य पहले रोजगार की तलाश के बहाने दूसरे शहरों में पहुंचते थे, ताकि स्थानीय लोगों को उन पर संदेह न हो। इसके बाद आभूषण दुकानों की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी कर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों की छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
साहिबगंज में भी पुलिस की कार्रवाई, दो लोगों से पूछताछ
—————
इधर, मामले की जांच का दायरा साहिबगंज जिले तक पहुंचने के बाद बिहार पुलिस की विशेष टीम ने राधानगर थाना क्षेत्र के अमानत दियारा में छापेमारी कर बदरुद्दीन शेख उर्फ छोटा बदरा को हिरासत में लिया। वहीं, तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के हाथीगढ़ से स्वर्ण कारोबारी विजय कुमार सोनी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि बिहार पुलिस की टीम द्वारा दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले में अन्य संभावित कड़ियों को खंगाल रही है।



