साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है. हालांकि, रनिंग रूम तक जोड़ने की मूल योजना फिलहाल अधूरी है, जो रेलकर्मियों के लिए असुविधाजनक साबित हो सकती है.
साहिबगंज. साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के गर्डर लॉन्चिंग का काम 21 नवंबर को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया. यह मालदा मंडल का तीसरा 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज है. मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे की आरएसपी यूनिट की ओर से यह कार्य कराया गया. हालांकि, फुट ओवरब्रिज को लेकर रेलवे की करीब एक वर्ष पूर्व तैयार योजना और वर्तमान निर्माण कार्य में अंतर सामने आया है. पहले इसे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो और तीन के साथ रनिंग रूम तक जोड़ने का प्रस्ताव था, लेकिन फिलहाल इसका निर्माण प्लेटफॉर्म नंबर एक से प्लेटफॉर्म दो और तीन तक ही किया जा रहा है. ऐसे में रनिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया को इससे जोड़ने की योजना फिलहाल निर्माण में शामिल नहीं है.
250 टन की क्रेन से लगाए गये गर्डर
गर्डर लॉन्चिंग के लिए रात 12:55 बजे से सुबह 5:25 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था. बारिश के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक की अवधि 17 मिनट अतिरिक्त बढ़ानी पड़ी. इस दौरान 250 टन क्षमता वाली क्रेन की मदद से गर्डर स्थापित किये गये. फुट ओवरब्रिज की कुल लंबाई 32.18 मीटर है, जिसमें 11 गर्डर लगाये जाने हैं. गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा होने के बाद अब शेष निर्माण कार्य जारी है.
निर्माण पूरा होने में लगेंगे 40 दिन
स्पॉट पर काम कर रहे कर्मचारियों के अनुसार, फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरी तरह पूरा होने में अभी करीब 40 दिन का समय लग सकता है. इसके तैयार होने से यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही स्टेशन पर भीड़भाड़ कम करने में भी मदद मिलेगी.
रनिंग रूम तक जुड़ता तो रेलकर्मियों को भी मिलता लाभ
रेलवे के पूर्व प्रस्ताव के अनुसार, फुट ओवरब्रिज को सर्कुलेटिंग एरिया से जोड़ते हुए रनिंग रूम तक बनाया जाना था. ऐसा होने पर यात्रियों के साथ-साथ रनिंग रूम में विश्राम करने वाले ट्रेन चालक और गार्ड को भी सुविधा मिलती. वे सीधे फुट ओवरब्रिज के माध्यम से अपने संबंधित प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते थे. इससे उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन परिसर में घूमकर आने की जरूरत नहीं पड़ती. लेकिन वर्तमान निर्माण में यह व्यवस्था शामिल नहीं है. अब सवाल उठ रहा है कि क्या भविष्य में फुट ओवरब्रिज का विस्तार सर्कुलेटिंग एरिया और रनिंग रूम तक किया जायेगा.



