राजमहल उप डाकघर में एक बार फिर चोरी का प्रयास हुआ है. 5 साल पहले इसी डाकघर से लाखों की नकदी चोरी हो गई थी. सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल.
राजमहल. शहर के हाटपाड़ा मोड़ स्थित उप डाकघर में एक बार फिर चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. बीती रात अज्ञात लोगों ने डाकघर के पीछे स्थित गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की. हालांकि, चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके. सोमवार सुबह कार्यालय खोलने पहुंचे पोस्टमास्टर विजय कुमार ने ताले के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी मिलने पर वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया.
पीछे के गेट का ताला तोड़ने की कोशिश
पोस्टमास्टर विजय कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह कार्यालय खोलने के दौरान पीछे के गेट में लगे ताले को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किए जाने की जानकारी मिली. इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है. मामले को लेकर राजमहल थाना में लिखित आवेदन भी दिया जायेगा.
पांच साल पहले हुई थी 10 लाख की चोरी
गौरतलब है कि फरवरी 2021 में इसी उप डाकघर में चोरी की बड़ी घटना हुई थी. उस दौरान अज्ञात चोरों ने डाकघर से करीब 9 से 10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी. उस समय भी डाकघर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे. हैरानी की बात है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना के करीब पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और अब तक परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये गये हैं.
लाखों की चोरी के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ताजा घटना ने एक बार फिर उप डाकघर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में लाखों रुपये की चोरी के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होना चिंताजनक है. लोगों ने डाकघर के वरीय अधिकारियों से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
इधर, राजमहल थाना प्रभारी पवन यादव ने बताया कि डाकघर प्रबंधन की ओर से अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.



