बिजली बिल बकाएदारों के लिए अंतिम चेतावनी जारी. 30 नवंबर तक भुगतान न करने पर कनेक्शन स्थायी रूप से कट जाएगा और कानूनी कार्रवाई होगी.
उधवा. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बकायेदार बिजली उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी जारी की है. विद्युत आपूर्ति प्रशाखा राजमहल, उधवा और तीनपहाड़ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं का बकाया बिल के कारण बिजली कनेक्शन काटा जा चुका है और कटे हुए दो माह से अधिक हो गये हैं, उन्हें 30 नवंबर तक पूरा बकाया जमा करना होगा. ऐसा नहीं करने पर उनका कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिया जायेगा.
बकाया जमा नहीं किया तो होगी कानूनी कार्रवाई
विद्युत कनीय अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि निर्धारित समय तक बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के पास बकाया भुगतान करने का यह अंतिम अवसर है.
बिजली चोरी पर दर्ज होगी प्राथमिकी
उन्होंने बताया कि पुराने बकाये वाले परिसर में नया बिजली कनेक्शन लेने या अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करने पर भी कार्रवाई की जायेगी. बिजली चोरी और मीटर बाइपास करने के मामलों में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.



