42 साल का हुआ दूरदर्शन केंद्र रांची. जानें कैसे यह झारखंड में सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का विश्वसनीय माध्यम बना हुआ है, भले ही मोबाइल क्रांति ने दस्तक दी हो.
रांची. कभी गांवों में टेलीविजन किसी परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रतीक हुआ करता था. गांव के किसी एक घर में टीवी होने पर आसपास के लोग समाचार और धारावाहिक देखने जुट जाते थे. समय बदला, तकनीक बदली और अब मोबाइल फोन पर ही मनोरंजन से लेकर समाचार तक उपलब्ध हैं. इसके बावजूद टेलीविजन की सामाजिक और सूचनात्मक भूमिका समाप्त नहीं हुई है. झारखंड जैसे आदिवासी बहुल और भौगोलिक विविधता वाले राज्य में इसकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय मुद्दों की जानकारी पहुंचाने में टेलीविजन प्रभावी माध्यम बन सकता है.
42 साल का हुआ दूरदर्शन केंद्र रांची
झारखंड में टेलीविजन प्रसारण का इतिहास भी महत्वपूर्ण रहा है. दूरदर्शन केंद्र रांची की स्थापना 25 सितंबर 1984 को हुई थी. शुरुआत में केंद्र से क्षेत्र विशेष के कार्यक्रमों का प्रसारण होता था. दो अप्रैल 2002 को इसे क्षेत्रीय केंद्र का दर्जा मिला और इसी दिन से झारखंड के लिए क्षेत्रीय समाचारों का प्रसारण शुरू हुआ. एक अप्रैल 2020 से डीडी झारखंड ने 24 घंटे प्रसारण शुरू किया. इससे राज्य की खबरों, कला, संस्कृति और विकास से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक मंच मिला.
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टेलीविजन की पहुंच में रहा अंतर
टेलीविजन की पहुंच में सामाजिक और ग्रामीण-शहरी असमानता भी रही है. राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-4 (2015-16) के अनुसार, झारखंड में महज 38.5 प्रतिशत परिवारों के पास टेलीविजन था. शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 77.8 प्रतिशत, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 24.8 प्रतिशत था. यह आंकड़ा पुराना है, लेकिन उस समय राज्य में टेलीविजन की पहुंच का बड़ा अंतर दिखाता है. आज स्मार्ट टीवी, इंटरनेट और ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दर्शकों की पसंद बदल दी है. युवा अपनी पसंद के कार्यक्रम मोबाइल पर देख रहे हैं. न्यूज चैनलों के सामने भी सोशल मीडिया से मिल रही प्रतिस्पर्धा बड़ी चुनौती है. ऐसे में झारखंड के टेलीविजन माध्यमों के सामने स्थानीय भाषाओं में कार्यक्रम तैयार करने, जनजातीय कला-संस्कृति, लोक परंपराओं, ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय समस्याओं को जगह देने की जिम्मेदारी है.
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दे रहा दूरदर्शन : सुधीर कुमार
कार्यक्रम प्रमुख, दूरदर्शन केंद्र रांची सुधीर कुमार ने बताया कि टेलीविजन ने संचार और जनसंपर्क के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाते हुए दुनिया को लोगों के घरों तक पहुंचाया है. सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के इस सशक्त माध्यम ने समय के साथ तकनीकी विकास की अनेक मंजिलें तय की हैं. बदलती तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में भी टेलीविजन की सामाजिक भूमिका और विश्वसनीयता महत्वपूर्ण बनी हुई है.

1959 में शुरू हुआ था भारत में टेलीविजन प्रसारण
भारत में टेलीविजन प्रसारण की शुरुआत 15 सितंबर 1959 को दिल्ली में प्रायोगिक तौर पर हुई थी. वर्ष 1965 में नियमित प्रसारण प्रारंभ हुआ और 1976 में दूरदर्शन आकाशवाणी से अलग होकर स्वतंत्र विभाग बना. वर्ष 1982 में रंगीन प्रसारण की शुरुआत और एशियाई खेलों के प्रसारण ने भारतीय टेलीविजन के विकास को नई गति दी. दूरदर्शन ने अपने कार्यक्रमों के माध्यम से देश की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास
सुधीर कुमार ने बताया कि दूरदर्शन ने हमेशा सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के साथ जनहित को प्राथमिकता दी है. दूरदर्शन केंद्र, रांची के माध्यम से कृषि दर्शन, झारखंड विकास की ओर, नया सवेरा और आयुष्मान भारत जैसे कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा रहा है. इन कार्यक्रमों के माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जा रही है. योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों के अनुभव और जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों को प्रस्तुत कर आम लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है.
लोकगीत से सहेजी जा रही सांस्कृतिक विरासत
राज्य की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उभरते कलाकार, ड्रामा, सुगम संगीत और शास्त्रीय संगीत जैसे कार्यक्रम प्रसारित किये जा रहे हैं. वहीं, संथाल डायरी, लोकगीत और क्षेत्रीय भाषाओं पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और भाषाई विविधता को संरक्षित करने एवं व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
वेव्स ओटीटी से नये रचनाकारों को मिल रहा अवसर
उन्होंने बताया कि दूरदर्शन के डिजिटल प्लेटफॉर्म वेव्स ओटीटी के माध्यम से नये रचनाकारों और प्रतिभाओं को भी अवसर प्रदान किये जा रहे हैं. शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, टेलीफिल्म, पॉडकास्ट और डॉक्यू-ड्रामा जैसी विधाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है. इससे नये रचनाकारों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है.
टेलीविजन और इंटरनेट एक-दूसरे के पूरक
वर्तमान समय में टेलीविजन और डिजिटल माध्यम एक-दूसरे के पूरक बन रहे हैं. दर्शकों की बदलती रुचि और नई तकनीक को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शन नये प्रयोग कर रहा है. भविष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक प्रसारण तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म टेलीविजन को और अधिक व्यापक एवं संवादात्मक बनाएंगे, लेकिन विश्वसनीयता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनहित ही इस माध्यम की वास्तविक पहचान बने रहेंगे.
टीवी से मेरा रिश्ता आज भी बरकरार : बसंत कुमार
गीतकार, संगीतकार और उद्घोषक बसंत कुमार कहते हैं कि दूरदर्शन से उनका रिश्ता कोई नया नहीं है. बचपन में घर में टीवी नहीं होने के कारण महाभारत सीरियल देखने के लिए दूसरे के घर जाना पड़ता था. अपने घर में टीवी आने के बाद यह रिश्ता और भी गहरा होता गया. उस समय दूरदर्शन के अलावा देश में कोई दूसरा टेलीविजन चैनल नहीं था. यह मनोरंजन का एकमात्र जरिया हुआ करता था. बाद के वर्षों में दूसरे चैनल भी आये, लेकिन दूरदर्शन की जगह नहीं ले पाये. घर में यह एक विशेष सदस्य की तरह अपनी जगह बना चुका था. उन्होंने बताया कि दूरदर्शन ने उनके जीवन में मार्गदर्शन करने के साथ-साथ इससे जुड़ने का अवसर भी दिया. एक युवा के रूप में उन्हें पैनल डिस्कशन में शामिल होने का मौका मिला था. आज युवाओं में मोबाइल का क्रेज बढ़ा है और वे घंटों मोबाइल पर समय बिताते हैं. उनके अनुसार, दूरदर्शन के कार्यक्रम आज भी मनोरंजन के साथ मार्गदर्शन देने में सक्षम हैं. युवाओं को मोबाइल की दुनिया से निकलकर दूरदर्शन से जुड़ना और कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए. आज भी उनके घर में दूरदर्शन के कार्यक्रम देखे जाते हैं और इसके साथ उनका रिश्ता पहले की तरह बना हुआ है.

आज भी टीवी भरोसेमंद साथी : मीना देवी
70 वर्षीय मीना देवी आज भी समाचार सहित सभी कार्यक्रम टेलीविजन पर ही देखती हैं. उनका कहना है कि समय के साथ कितना भी बदलाव हो जाये, बुजुर्गों के लिए टीवी ही उनका साथी है. टीवी देखने से समाचारों की सही पुष्टि होती है और विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद भी मिलता है.

टीवी पर कार्टून देखना पसंद : शिवांश
सात वर्षीय शिवांश शेखर बताते हैं कि उन्हें मोबाइल पर गेम खेलना पसंद है, लेकिन कार्टून शो टीवी पर ही देखते हैं. बच्चों वाली फिल्में भी अपने नाना-नानी के साथ देखते हैं. उन्हें मोबाइल के साथ-साथ टीवी देखना भी पसंद है.




