झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के जनसंचार विभाग के डॉ. सुदर्शन यादव को FIPRESCI-India की राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षा प्रतियोगिता 2026 में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है.
रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के जनसंचार विभाग के डॉ. सुदर्शन यादव को राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म समीक्षा के क्षेत्र में सम्मानित किया गया है. उन्हें वर्ष 2026 की राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षा प्रतियोगिता में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अवॉर्ड प्रदान किया गया है. खास बात यह है कि डॉ. यादव को लगातार दूसरे वर्ष यह सम्मान मिला है. उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की समीक्षा लिखी थी, जिसके लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया. यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष FIPRESCI-India की ओर से आयोजित की जाती है. FIPRESCI-India, जर्मनी के म्यूनिख स्थित प्रतिष्ठित इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म क्रिटिक्स की भारतीय इकाई है.
‘ई-सिने इंडिया’ में प्रकाशित होगी फिल्म समीक्षा
फिल्म समीक्षा के क्षेत्र में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रख्यात फिल्म निर्देशक, समीक्षक और इतिहासकार चिदानंद दासगुप्ता की स्मृति में किया जाता है. वर्ष 2026 में प्रतियोगिता का सातवां संस्करण आयोजित हुआ, जिसमें डॉ. यादव को यह उपलब्धि हासिल हुई. प्रतियोगिता के तहत देशभर के प्रतिभागियों से फिल्म समीक्षाएं आमंत्रित की जाती हैं. इसमें प्रथम, द्वितीय और सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट पुरस्कार दिये जाते हैं. प्रथम और द्वितीय पुरस्कार के अलावा उत्कृष्ट स्तर की समीक्षा लिखने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट (प्रशस्ति पत्र) प्रदान किया जाता है. प्रतियोगिता में पुरस्कृत सभी फिल्म समीक्षाएं FIPRESCI-India और फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसायटीज ऑफ इंडिया की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘ई-सिने इंडिया’ (e-Cine India) में प्रकाशित की जायेंगी.
डॉ सुदर्शन 14 वर्षों से सीयूजे में पढ़ा रहे हैं फिल्म स्टडीज
डॉ. सुदर्शन यादव पिछले 14 वर्षों से झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में फिल्म स्टडीज का अध्यापन कर रहे हैं. उन्होंने झारखंड के प्रख्यात फिल्मकार मेघनाथ, बीजू टोप्पो और श्रीप्रकाश पर नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया (NFAI), पुणे के लिए मोनोग्राफ लिखा है. यह राज्य के किसी फिल्मकार पर लिखी गयी पहली विस्तृत पुस्तक बतायी जाती है. डॉ. यादव ने वर्ष 2018 में झारखंड का पहला बाल फिल्म महोत्सव आयोजित किया था. वहीं, वर्ष 2025 में झारखंड सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ टूरिज्म के लिए राज्य की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय कंटेंट क्रिएशन कार्यशाला का आयोजन भी कराया था.

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर किया फिल्म फेस्टिवल का संयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर डॉ. यादव ने सीयूजे में ‘स्वाभिमानी बिरसा ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल’ और फोटोग्राफी प्रदर्शनी का संयोजन किया था. उन्होंने फिल्म की विभिन्न विधाओं में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे, जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता और व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल, मुंबई से शिक्षा प्राप्त की है. डॉ. सुदर्शन यादव की इस उपलब्धि पर झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति और शिक्षक समुदाय ने हर्ष व्यक्त किया है. लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया है.



