खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर मिर्जाचौकी में भक्ति की धूम, हजारों श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ मनाया उत्सव।
साहिबगंज.मिर्जाचौकी में खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला. धर्मशाला परिसर में देर शाम तक चले जन्मोत्सव समारोह में हजारों श्रद्धालु उमड़े. इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी और तरह-तरह के व्यंजन व पकवान तैयार कर बाबा को भोग लगाया गया. भक्ति संगीत और कीर्तन के बीच श्रद्धालु देर शाम तक झूमते रहे.
विधि-विधान से पूजन
खाटू श्याम भक्त भल्टु चौधरी एवं उनकी धर्मपत्नी प्रेमलता देवी ने बाबा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. भल्टु चौधरी ने कहा कि बाबा हारे के सहारा हैं. जो भक्त उन्हें हृदय से पुकारता है, बाबा हमेशा उसके साथ रहते हैं. दीन-दुखियों और विपत्ति में पड़े भक्तों को भी बाबा का सहारा मिलता है. उन्होंने कहा कि कलियुग में भी श्याम बाबा साक्षात सहारा बनकर भक्तों की सहायता करते हैं.
धनबाद की रानी मनजीत कौर के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

जन्मोत्सव के अवसर पर मिर्जाचौकी दुर्गा मंदिर परिसर एवं धर्मशाला परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. देर शाम आयोजित भक्ति संगीत कार्यक्रम में धनबाद से आयीं रानी मनजीत कौर ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किये. उनके भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आये.
आयोजन में ये लोग रहे मौजूद
मौके पर भल्टु चौधरी, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल, सचिव निरंजन कुमार जायसवाल, सुनील चौधरी, चंदन वर्णवाल, बालेश्वर भगत, गणेश चौधरी, मुकेश जायसवाल, रंजन वर्मा, अमित वर्णवाल, गुप्तेश्वर सोनी, विष्णु कुमार सोनी सहित हजारों की संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे.



