शादी की इच्छा से घर पहुंची युवती को वापस भेजने के बाद बढ़ा विवाद, फायरिंग का आरोप
राजमहल। थाना क्षेत्र के नया बस्ती गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में केदार मंडल की 16 वर्षीय बेटी गौरी कुमारी घायल हो गई। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। केदार मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मलाही टोला की एक युवती का उनके पुत्र से प्रेम संबंध था। युवती शादी करने की इच्छा से उनके घर पहुंच गई थी, लेकिन परिवार के लोगों ने उसे समझाकर वापस उसके घर भेज दिया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने का आरोप लगाया गया है।
शादी के विवाद के बाद फायरिंग का आरोप
आवेदन के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब छह बजे कुछ लोग केदार मंडल के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि रात करीब साढ़े सात बजे किशन मंडल तीन अन्य युवकों के साथ दोबारा वहां पहुंचा। घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने के बाद छत पर चढ़कर देसी कट्टे से फायरिंग की गई। इस दौरान गौरी कुमारी को गोली लग गई। परिजन उसे राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मालदा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद होने की जानकारी दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Displaying



