ऐसी-2 कोच में एनआरआई महिला यात्री भी बनी थी शिकार, बैग और सामान अब तक बरामद नहीं
साहिबगंज। मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर 9 और 10 नवंबर को तीन रेल यात्रियों के साथ हुई लूट की घटनाओं में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश भगत के रूप में हुई है। उसके पास से सोने के जेवरात और नकद राशि बरामद की गई है। हालांकि, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। वहीं, एनआरआई महिला यात्री समेत अन्य यात्रियों के सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है।
गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरपीएफ निरीक्षक गुलाम सरवर ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने लगातार दो दिनों में तीन रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले की जांच और छापेमारी के बाद संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के पास से सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की रिंग और कुछ नकद राशि बरामद हुई है। बरामद जेवरात कोलकाता के ठाकुरपुकुर निवासी जिनाकी मुखर्जी के बताए गए हैं।
एनआरआई महिला यात्री का बैग अब तक बरामद नहीं
लूट की घटनाओं में 13071 हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में सफर कर रही एनआरआई महिला यात्री श्रुति मिश्रा भी अपराधियों का शिकार हुई थीं। उन्होंने रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपराधी उनका बैग और उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। हालांकि, अब तक उनका सामान बरामद नहीं हो सका है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
रेल यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार दो दिनों में तीन रेल यात्रियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीआरपी थाना प्रभारी सत्यदेव प्रसाद राम समेत आरपीएफ और जीआरपी के अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
.



