(साहिबगंज)। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के तहत गुरुवार को सिमड़ा पंचायत में पीएम जनमन एवं अबुआ आवास योजना के लाभुकों के नवनिर्मित घरों में विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान लक्ष्मीमहुआटांड़ गांव में पीएम जनमन आवास के लाभुक के घर में अतिथियों ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर गृह प्रवेश कराया। वहीं, फूलभंगा गांव में अबुआ आवास योजना के लाभुक के नए घर में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अबुआ आवास, मंईयां सम्मान सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य और लाभों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आवास निर्माण से संबंधित जानकारी साझा की।
मौके पर उप प्रमुख रूपक साह, अब्दुल मजीद, समदा सोरेन, मनोज कुमार, अब्दुल जब्बार, वर्षा मुर्मू, मुखिया, आवास समन्वयक मार्शल किस्कू, आवास ऑपरेटर शाहबाज आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।



