साहिबगंज. गंगा नदी के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि और घाटों की असुरक्षित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष छठ महापर्व के दौरान गंगा के कई घाटों और तटीय क्षेत्रों को प्रतिबंधित कर दिया है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों से जान-माल की सुरक्षा के दृष्टिकोण से घर अथवा आसपास के सुरक्षित गंगा घाट, तालाब या नदी में छठ मनाने की अपील की है.
15 और 16 नवंबर को दिया जाएगा अर्घ्य

जिला प्रशासन की सूचना के अनुसार, इस वर्ष छठ महापर्व 15 नवंबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा. 15 नवंबर को संध्या में सूर्यास्त के समय पहला अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातः सूर्योदय के समय दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा.
जलस्तर बढ़ने से घाटों की स्थिति असुरक्षित
प्रशासन के अनुसार, विगत वर्षों की तरह इस वर्ष गंगा नदी के जलस्तर में अपेक्षित कमी नहीं आयी है. जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि और काफी दिनों तक खतरे के निशान से ऊपर रहने के कारण सभी घाट और तटीय क्षेत्र जलमग्न व संकीर्ण हो गये हैं. घाटों के किनारे ही काफी गहराई है. वहीं, जमीन दलदली और कीचड़मय है.
ऐसी स्थिति में छठ पर्व के दौरान गंगा घाटों पर अत्यधिक भीड़ होने से दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है. इसे देखते हुए अन्य कटाव क्षेत्र वाले गंगा घाटों को भी प्रतिबंधित किया गया है.
सुरक्षित स्थानों पर छठ मनाने की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों और नगरवासियों से गंगा के बढ़े जलस्तर और गहराई को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित घाटों पर नहीं जाने की अपील की है. लोगों से घर अथवा आसपास के अन्य सुरक्षित गंगा घाट, तालाब या नदी में छठ महापर्व मनाने का आग्रह किया गया है. छठ के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन गंगा घाटों पर प्रतिबंध लगाया गया है.



