राजमहल में पुलिस ने चोरी के 37 मोबाइल फोन बरामद करते हुए एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है. बरामद मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग और वीवो जैसे प्रमुख ब्रांड के फोन शामिल हैं.
राजमहल. थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 37 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. शुक्रवार को एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.
सानिया बस में महिला के थैले से मिले 14 मोबाइल
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से राजमहल आ रही सानिया बस में चोरी के मोबाइल फोन लेकर एक महिला सफर कर रही है. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने डायनामाइट जेल मोड़ पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान सानिया बस को रोककर महिला पुलिस पदाधिकारी ने एक महिला यात्री की तलाशी ली. उसके खाकी रंग के थैले से 14 मोबाइल फोन बरामद हुए. मोबाइल से संबंधित वैध कागजात मांगने पर महिला कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी.
मकान की तलाशी में मिले 23 अन्य मोबाइल
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महिला के हाटपाड़ा स्थित मकान की तलाशी ली. वहां से विभिन्न कंपनियों के 23 अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस ने इस मामले में बीरू महतो (32 वर्ष), निवासी बाबूपुर, थाना तीनपहाड़ और रेनू देवी (39 वर्ष), निवासी बभनगामा, थाना तीनपहाड़ को गिरफ्तार किया है.
आईफोन समेत नौ कंपनियों के मोबाइल जब्त
पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन में आईफोन के 2, रियलमी के 7, मोटोरोला के 3, ओप्पो के 4, वीवो के 8, नारजो के 2, सैमसंग के 8, नथिंग का 1 और रेडमी के 2 मोबाइल शामिल हैं. इस तरह कुल 37 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 410/26 में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है.
छापेमारी दल में इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक महादेव उरांव और पवन यादव, सहायक अवर निरीक्षक अरुणा टोप्पो, सनातन हेंब्रम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.



