पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास F-44 को खाली कराने में उनका घोड़ा बाधा बन गया है। यह बंगला अब IG क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित किया गया है। आवास नए अधिकारी को सौंपने के लिए भवन निर्माण विभाग घोड़े को हटाने के संबंध में रांची जिला प्रशासन को फिर से पत्र भेजने की तैयारी में है।
रांची। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का घोड़ा अब प्रशासनिक कार्रवाई का रोड़ा बन गया है। उनके अवैध कब्जे से रांची के सेक्टर थ्री स्थित सरकार आवास संख्या एफ-44 को भवन निर्माण विभाग ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में आंशिक रूप से खाली तो करवा लिया है, लेकिन घोड़ा के चलते अब भी आवास पूरी तरह खाली नहीं हो सका है।
अब विभाग एक बार फिर रांची जिला प्रशासन से पत्राचार कर सहयोग मांगेगा, ताकि घोड़ा को भी हटाया जा सके। इसके बाद ही आवास पूरी तरह खाली होगा और तब विभाग उसे नए आवंटी आईजी क्रांति कुमार गडिदेशी को सौंपा जाएगा।
भवन निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी का कहना है कि पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के अवैध कब्जे से आवास को लगभग खाली करा लिया गया है। बिल्डिंग व गेट की चाबी भवन निर्माण विभाग के पास है, लेकिन घोड़ा व अन्य सामान अभी आवास में है, जिसे खाली कराने के बाद ही आइजी क्रांति कुमार गडिदेशी को सौंपा जा सकेगा।
गौरतलब है कि दीपावली के एक दिन पहले भवन निर्माण विभाग ने रांची एसडीएम के प्रशासनिक सहयोग से कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से आवास खाली कराने का प्रयास किया था और गेट में ताला जड़ दिया था, जिसके बाद विधायक ने गेट के बाहर धरना देकर उसी आवास में दीपावली मनाने की जिद की थी।
सात अक्टूबर 2026 को क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित हुआ है वह आवास
झारखंड सरकार के भवन निर्माण विभाग ने सात अक्टूबर 2026 को आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गडिदेशी को उक्त रांची के धुर्वा स्थित आवास संख्या एफ-44, सेक्टर थ्री, धुर्वा को आवंटित किया था। भवन निर्माण विभाग ने यह आवंटन छह अगस्त 2026 को विभागीय मंत्री के रूप उपस्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राजपत्रित आवास आवंटन समिति की बैठक में सभी सदस्यों के विचार किया था।
इस बैठक में भारतीय पुलिस सेवा के 11 अधिकारियों के आवास आवंटन का आदेश जारी हुआ था, जिनमें सीआइडी के आईजी संगठित अपराध असीम विक्रांत मिंज, आईजी क्रांति कुमार गडिदेशी, आईजी राकेश बंसल, डीआईजी मनोज रतन चोथे, डीआईजी मोहम्मद अर्शी, एसपी स्थापना हृदीप पी. जनार्दनन, एसपी एसआइबी सौरभ, एसपी द्वितीय सीआइडी पूज्य प्रकाश, एसपी एसीबी सुमित
कुमार अग्रवाल, एसपी सीआईडी रोशन गुडिया व एएसपी कोतवाली रांची निखिल राय शामिल हैं।
मारवाड़ी नस्ल का एक शाही घोड़ा
अंबा प्रसाद के इस प्रसिद्ध घोड़े का नाम कुबेर है। यह मारवाड़ी नस्ल का एक शाही घोड़ा है। यह घोड़ा उन्हें मार्च 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त कर्नल रवि राठौड़ ने उपहार में दिया था।
कुबेर मार्च 2021 से ही रांची के धुर्वा स्थित अंबा प्रसाद के सरकारी आवास (एफ-टाइप) के परिसर में बने अस्तबल में रह रहा है। (नवंबर 2026 में प्रशासन द्वारा इस आवास को खाली कराने की कार्रवाई की गई है)। इस घोड़े की रोजाना देखभाल मुख्य रूप से उनके स्टाफ सदस्य उमेश सिंह करते हैं।
आठ अक्टूबर को अंबा प्रसाद को आवास खाली करने का दिया गया था नोटिस
भवन निर्माण विभाग ने आठ अक्टूबर 2026 को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को रांची के एचइसी धुर्वा सेक्टर थ्री के सरकारी आवास संख्या एफ-44 को खाली करने संबंधित नोटिस जारी किया था।
उक्त पत्र में विभाग ने बताया था कि उक्त आवास आईजी क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित किया गया है। वे सात दिनों के भीतर आवास खाली करें, ताकि जिन्हें आवास आवंटित हुआ है, उन्हें आवासित किया जा सके।
भवन निर्माण विभाग ने एसडीएम रांची से किया था पत्राचार
आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित रांची के धुर्वा सेक्टर थ्री स्थित आवास संख्या एफ-44 को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए भवन निर्माण विभाग प्रमंडल संख्या-02 रांची के कार्यपालक अभियंता ने 13 अक्टूबर व 27 अक्टूबर को रांची सदर के अनुमंडल पदाधिकारी से पत्राचार किया था।
उन्होंने सरकार के माध्यम से सात अक्टूबर के आवास आवंटन संबंधित आदेश का जिक्र करते हुए बताया था कि उक्त आवास में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद अवैध रूप से रह रही हैं। उन्हें आवास खाली करने के लिए पूर्व में अनुरोध भी किया गया था, लेकिन उन्होंने खाली नहीं किया।
भवन निर्माण विभाग ने अपने पत्र में लिखा है कि विभाग की वर्ष 2004 की नियमावली का हवाला देते हुए एसडीएम से अनुरोध किया था कि उक्त आवास को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करकें, ताकि वर्तमान आवंटि को आवास सौंपा जा सके। आवास खाली कराने में सहयोग के लिए विभाग के कनीय अभियंता रामाकांत प्रसाद भी रहेंगे।



