रांची के मेन रोड टैक्सी स्टैंड पर पार्किंग शुल्क बंद कर दिया गया है. नगर निगम ने विवाद के बाद यह बड़ा कदम उठाया है. अब पार्किंग नि:शुल्क होगी.
Ranchi Taxi Stand Parking: मेन रोड स्थित टैक्सी स्टैंड पार्किंग में शुल्क वसूली को लेकर हुए विवाद के बाद नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है. सोमवार की शाम वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के चालक और स्थानीय युवकों के बीच हुई बकझक के बाद मंगलवार से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद कर दी गयी. नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को तत्काल शुल्क वसूली रोकने का आदेश दिया. इसके बाद निगम की ओर से माइक से अनाउंसमेंट कर पार्किंग पूरी तरह नि:शुल्क होने की जानकारी दी गयी.
विवाद के बाद नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम टैक्सी स्टैंड पार्किंग में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के चालक और कुछ स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसकी सूचना देर रात नगर आयुक्त को दी गयी. मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने मंगलवार की सुबह सहायक नगर आयुक्त चंद्रदीप कुमार को पार्किंग स्थल पर भेजा. उन्होंने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद करने का निर्देश दिया.
शुल्क बंद होते ही बेतरतीब खड़े होने लगे वाहन
नगर निगम की ओर से पार्किंग शुल्क बंद करने की घोषणा के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि, शुल्क वसूली बंद होते ही पार्किंग स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बन गयी. दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अपने वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा करने लगे. इससे पार्किंग के प्रवेश और निकास द्वार पर जाम लग गया. नतीजतन, पार्किंग में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.



