हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत मामले में 8 सदस्यीय SIT गठित. जांच में तेजी, पति गिरफ्तार. 19 नवंबर को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई.
Anushka Chakraborty Death Case: हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई की. जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि अनुसंधान में तेजी लाने के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गयी है. एसआईटी का नेतृत्व हजारीबाग के एसडीपीओ सदर को सौंपा गया है.
पति गिरफ्तार, एसआईटी कर रही मामले की जांच
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनसे पूछताछ भी की गयी है. मामले के त्वरित और प्रभावी अनुसंधान के लिए गठित एसआईटी जांच कर रही है. अदालत ने सरकार का पक्ष सुनने के बाद अगली सुनवाई तक अनुसंधान की प्रगति से संबंधित स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
हाईकोर्ट में 19 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तिथि निर्धारित की है. प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने पक्ष रखा. उल्लेखनीय है कि पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को डीएसपी स्तर के अधिकारी को मामले का अनुसंधान सौंपने और जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया था.
मृतका के भाई ने दायर की है क्रिमिनल रिट याचिका
अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के मामले में उनके भाई देवजीत चक्रवर्ती ने झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है. याचिका के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गयी है. इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने राज्य सरकार से अनुसंधान की प्रगति रिपोर्ट मांगी है.



