रांची के नामकुम के कोचा टोली में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों और सेना के जवान आमने-सामने. सेना द्वारा रोके जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश. जानें पूरा मामला.
नामकुम(रांची). रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र के कोचा टोली में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीण और सेना के जवान आमने-सामने आ गए हैं. सेना द्वारा सड़क निर्माण कार्य रोके जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है. मौके पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस हुई. स्थिति को देखते हुए पुलिस भी पहुंची.
जर्जर सड़क से परेशान हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गई है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. सड़क नहीं बनने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है. बच्चों को स्कूल जाने, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और रोजमर्रा के कामों में भी दिक्कत होती है. ग्रामीणों का कहना है कि वे सेना की जमीन से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं कर रहे हैं. निर्माण कार्य गांव की पुरानी सड़क पर ही हो रहा है, जो वर्षों पुरानी है और सेना की सीमा से बाहर है.
सेना ने बताई 10 मीटर की दूरी की बाध्यता
वहीं, सेना के जवानों का कहना है कि उनकी घेराबंदी (बाउंड्री) से कम से कम 10 मीटर की दूरी तक किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं होना चाहिए. सुरक्षा नियमों के तहत यह दूरी बनाए रखना जरूरी है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है.
सुबह से निर्माण स्थल पर जुटे रहे ग्रामीण
मौके पर ग्रामीणों और सेना के जवानों के बीच काफी देर तक बहस हुई. सुबह से ही काफी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर जुटे रहे. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य रोके जाने पर नाराजगी जताई और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की.
प्रशासन से सीमा की नापी कराने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन मौके पर पहुंचकर सीमा की नापी कराए और विवाद का स्थायी समाधान निकाले, ताकि सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू हो सके. फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है.



