छात्राओं को बाल अधिकार, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
बरहेट। बरहेट प्रखंड स्थित +2 एसएसडी उच्च विद्यालय में मंगलवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन एवं बाल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।
संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को माहवारी से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने, आत्मरक्षा सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के बारे में बताया गया। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में मोहम्मद खालिद, मोहम्मद इकबाल, राज गुप्ता, अजय कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित थीं।



