रोहित कुमार ने राधानगर तो ओम प्रकाश चौहान ने बोरियो थाना की संभाली कमान
साहिबगंज। जिले के राधानगर और बोरियो थाना में मंगलवार को नए थाना प्रभारियों ने पदभार ग्रहण किया। दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने को अपनी प्राथमिकता बताया।
राधानगर थाना के नए प्रभारी रोहित कुमार ने पदभार संभाला। इससे पहले वह बोरियो थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और अवैध कारोबार पर रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने पर जोर देते हुए आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और अपनी समस्याएं निर्भीक होकर थाने में रखने की अपील की।
बोरियो में ओम प्रकाश चौहान ने संभाली जिम्मेदारी :
वहीं, बोरियो थाना में पुलिस अवर निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान ने नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने फरियादियों से बिना किसी डर के थाने पहुंचकर अपनी शिकायत रखने की अपील की।
अपराध पर अंकुश और जनता का विश्वास बढ़ाने पर जोर :
दोनों थाना प्रभारियों ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्धता जताई। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।p



