राधानगर थाने की कमान अब सब-इंस्पेक्टर रोहित कुमार के हाथ में है. अपराध पर अंकुश लगाना और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
उधवा : साहिबगंज जिले के राधानगर थाना में सब-इंस्पेक्टर रोहित कुमार ने मंगलवार को थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया. इससे पहले वह बोरियो थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित थे. पुलिस अधीक्षक के आदेश पर हुए तबादले के बाद उन्हें राधानगर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. बोरियो थाना में उनके स्थान पर ओम प्रकाश को नया थाना प्रभारी बनाया गया है.
शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त थाना प्रभारी रोहित कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर अंकुश लगाना और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.



