पति की हत्या का रहस्य गहराया. पत्नी पर शक और जमीन विवाद के आरोप. पुलिस ने शुरू की गहन जांच. जानिए क्या है पूरा मामला.
फरक्का. मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के फूलोंदर गांव में पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी नाबेरा बीबी को गिरफ्तार किया है. मृतक की पहचान 26 वर्षीय जहांगीर मोमिन के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति के दूसरी लड़की से प्रेम संबंध होने के संदेह में हत्या की आशंका जतायी गयी है.
सात साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहांगीर मोमिन की करीब सात वर्ष पूर्व नाबेरा बीबी से प्रेम विवाह हुआ था. शादी के बाद दोनों के कोई संतान नहीं हुई. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. इसी दौरान नाबेरा बीबी को संदेह होने लगा कि उसके पति का किसी दूसरी लड़की से प्रेम संबंध है.
शुक्रवार रात की घटना, सुबह देवर को दी जानकारी
आरोप है कि शुक्रवार की रात जहांगीर गहरी नींद में था. इसी दौरान पत्नी ने कथित रूप से उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को सीढ़ी के पास छोड़ दिया. सुबह उसने अपने देवर मानारुल मोमिन को बुलाकर भाई के सीढ़ी पर पड़े होने की जानकारी दी.
पोस्टमार्टम के बाद पत्नी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही समशेरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी नाबेरा बीबी को देर शाम गिरफ्तार कर लिया.
जमीन विवाद की बात भी आयी सामने
मृतक के भाई मानारुल मोमिन और चाचा सईदुल मोमिन ने बताया कि दूसरी लड़की से प्रेम संबंध की बात की उन्हें निश्चित जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि शादी के समय जमीन को लेकर भी पति-पत्नी के परिवारों के बीच विवाद की बात सामने आयी थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



