गुजरात के अहमदाबाद में सड़क हादसे में घायल सुमन मंडल की 20 दिन बाद मौत हो गई. घर पहुंचने से पहले एंबुलेंस में उसने दम तोड़ दिया. परिवार सदमे में.
तीनपहाड़.गुजरात के अहमदाबाद में सड़क हादसे में घायल तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बभनगामा स्थित डांगापाड़ा निवासी सुमन मंडल (25) की 20 दिन बाद मौत हो गयी. शुक्रवार को घर पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में उसने दम तोड़ दिया. सुमन की मौत से परिवार में मातम पसरा है.
मिली जानकारी के अनुसार, सुमन अहमदाबाद स्थित किटेन एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में करीब पांच वर्षों से मजदूरी करता था. तीन अक्टूबर को वह कंपनी की ओर से दी गयी बाइक से काम पर जा रहा था. इसी दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था.
इलाज के लिए अहमदाबाद पहुंचे थे पिता
सुमन की हालत बिगड़ने पर उसके पिता कार्तिक मंडल 17 अक्टूबर को अहमदाबाद पहुंचे. इलाज पर अधिक खर्च और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने डॉक्टरों से बात की. परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने सुमन की हालत गंभीर बताते हुए उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी. इसके बाद सुमन के पिता कार्तिक मंडल और भाई बबलू मंडल 21 अक्टूबर को एंबुलेंस से उसे लेकर घर के लिए रवाना हुए. लेकिन 23 अक्टूबर की सुबह घर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गयी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
भाई बबलू मंडल ने बताया कि सुमन इसी साल मार्च में होली के बाद काम के लिए गुजरात गया था. वह पांच वर्षों से अधिक समय से अहमदाबाद की कंपनी में काम कर रहा था. परिवार को उम्मीद नहीं थी कि उसकी इस तरह असमय मौत हो जायेगी. घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में शोक है.
सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना के एसआइ महेंद्र कुमार और एएसआइ ललन रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की.



