
साहिबगंज में रफ्तार का कहर जारी है.केसरो मोड़ पर हाइवा की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि लोग मदद की बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त रहे.
(पतना): साहिबगंज जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और तीखे मोड़ों पर खतरनाक तरीके से ओवरटेक करना इन हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल हैं. इन दुर्घटनाओं में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इसी कड़ी में गुरुवार को केसरो मोड़ के समीप चोखे मोड़ पर 16 चक्का हाइवा की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गयी.
तमाशबीन बने रहे लोग
केसरो मोड़ के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मानवीय संवेदनशीलता की भारी कमी देखने को मिली. दुर्घटना के बाद जब घायल सड़क पर तड़प रहे थे, तब कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आने के बजाय मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने में जुटे रहे. हालांकि, केसरो के कुछ स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और प्रशासन को इसकी सूचना दी.
क्रेन से निकाला घायल
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने जेसीबी और लोडर की सहायता से काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे एक घायल को बाहर निकाला. हैरान करने वाली बात यह रही कि शवों को बाहर निकालने के दौरान भी कुछ लोग लगातार वीडियो बनाने में ही लगे रहे. प्रशासन ने आम लोगों से सख्त अपील की है कि सड़क दुर्घटना के समय तमाशबीन बनने के बजाय घायलों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दें. शवों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से परिजनों को गहरा मानसिक आघात पहुंचता है.
इन रास्तों पर हुए बड़े हादसे
जिले में पिछले कुछ समय में कई भीषण सड़क हादसे हो चुके हैं, जो चिंता का विषय हैं:
- छोटा रांगा मोड़: रांगा थाना क्षेत्र के बरहरवा-बरहेट मुख्य मार्ग पर एक तीखे मोड़ पर टैंकर और टेंपो की टक्कर में दो मासूम बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गयी थी.
- दिग्घी फाटक: इसी थाना क्षेत्र में भुटभुटिया वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की जान चली गयी थी.
- बरहेट थाना क्षेत्र: लोगाई, कदमा, सिंधी और फूलभंगा सहित अन्य स्थानों पर भी हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं.
- अन्य प्रभावित क्षेत्र: बोरियो, राजमहल और बरहरवा थाना क्षेत्रों में भी लगातार दुर्घटनाएं होती रही हैं.
एसडीपीओ ने की अपील
बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल ने बताया कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन जांच अभियान चला रही है. उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में रहने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा तेज रफ्तार से बचने की हिदायत दी है. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दें और मृतकों के शवों का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से पूरी तरह बचें.



