गोड्डा एसपी मुकेश कुमार ने परिवार संग शिवगादी धाम पहुंचकर बाबा गाजेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया. उन्होंने धाम के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की.
बरहेट: गोड्डा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार ने सपरिवार ऐतिहासिक धार्मिक स्थल शिवगादी धाम पहुंचकर बाबा गाजेश्वरनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की. इस धार्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ का पवित्र जलाभिषेक किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की. बाबा गाजेश्वरनाथ के इस पावन मंदिर में मुख्य पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरी विधि-विधानपूर्वक पूजा संपन्न कराई. एसपी के साथ पहुंचे अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने भी कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया.
स्मृति चिह्न देकर सम्मान
पूजा-अर्चना की रस्म पूरी होने के बाद शिवगादी प्रबंध समिति के अध्यक्ष रूपक साह ने गोड्डा एसपी मुकेश कुमार को अंगवस्त्र और बाबा गाजेश्वरनाथ धाम का स्मृति चिह्न भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया. इस मौके पर मंदिर प्रबंध समिति के अन्य सदस्य, कई पुलिस पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
अद्भुत है प्राकृतिक सौंदर्य
दर्शन के उपरांत एसपी ने शिवगादी धाम के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य और यहाँ के शांत वातावरण की जमकर सराहना की. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहाड़ियों के बीच प्राकृतिक गुफा में स्थापित शिवलिंग और उस पर लगातार होने वाला प्राकृतिक जलाभिषेक बेहद अद्भुत एवं अलौकिक है. उन्होंने बताया कि इस पवित्र स्थान पर आकर मन को असीम और सच्ची शांति मिलती है.



