बरहरवा में ब्राउन शुगर से हेरोइन बनाने का खुलासा हुआ है. पुलिस ने 608 ग्राम ब्राउन शुगर, भारी मात्रा में केमिकल और नकदी के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.
बरहरवा. साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के महाराजपुर स्थित मुगलपाड़ा में एक मकान के भीतर ब्राउन शुगर से हेरोइन बनाने और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के कथित अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है. 12 अक्तूबर को की गयी छापेमारी में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. मौके से 608 ग्राम ब्राउन शुगर, 5,93,900 रुपये नकद, 15.877 किलोग्राम केमिकल और हेरोइन निर्माण में इस्तेमाल होने की आशंका वाले पदार्थ व उपकरण बरामद किये गये. पुलिस ने दो मोटरसाइकिल और एक हुंडई कार भी जब्त की है.मंगलवार को बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी.
गुप्त सूचना पर बनी संयुक्त टीम, मकान की घेराबंदी कर छापेमारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि महाराजपुर के मुगलपाड़ा स्थित एक मकान में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक के कुछ लोग अपने सहयोगियों के साथ केमिकल का इस्तेमाल कर ब्राउन शुगर से हेरोइन बनाने और उसकी खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार कर रहे हैं.
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल तथा राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया. 12 अक्तूबर को टीम ने चिह्नित मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की.
इस दौरान पांच व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में मिले. पुलिस को देखकर सभी मकान के पिछले दरवाजे से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन छापेमारी दल ने उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद मकान की तलाशी ली गयी, जिसमें ब्राउन शुगर, केमिकल और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों समेत कई सामान बरामद किये गये.
मालदा के कालियाचक के पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजीकुल शेख (41), अख्तर आलम (26), शजहान शेख (25), साहनवाज आलम (19) और अमिरूल शेख (45) के रूप में हुई है. इनमें पहले चार इमामजागीर गांव के रहने वाले हैं, जबकि अमिरूल शेख शेरसाई गांव का निवासी है. पुलिस के अनुसार, सभी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. पूछताछ में उन्होंने इसमाईल शेख, पिता दुरुल शेख, निवासी इमामजागीर, थाना कालियाचक, जिला मालदा का नाम बताया. पुलिस के मुताबिक, इसमाईल शेख ब्राउन शुगर से हेरोइन बनाने का काम करता है. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
नकदी, केमिकल और वाहनों समेत सामान जब्त
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 608 ग्राम ब्राउन शुगर, 5 लाख 93 हजार 900 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, 15.877 किलोग्राम केमिकल, 500 मिलीलीटर की 13 बोतल एसीटल क्लोराइड, तीन इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक जेनरेटर, एक सीलिंग मशीन, एक एक्सटेंशन मशीन और 1.4 किलोग्राम पैकेजिंग सामग्री बरामद की.
इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और एक हुंडई कार भी जब्त की गयी. पुलिस ने जब्त सामान की सूची तैयार कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 259/26, दिनांक 12 अक्तूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(b), 111(3) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(c), 25, 27A, 27B और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और कथित अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
छापेमारी दल में ये अधिकारी और जवान थे शामिल
छापेमारी दल में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, बरहरवा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुदामा सिंह, राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सिंह सोय, हवलदार दिनेश हेम्ब्रम, आरक्षी राजीव कुमार, दीपक कुमार, हवलदार शशि भूषण सिंह और बरहरवा थाना के आरक्षी अरविंद रविदास शामिल थे.



