साहिबगंज के बरहरवा में पुलिस की छापेमारी में पांच गिरफ्तार, 5.93 लाख रुपये नकद, हुंडई वेन्यू, दो बाइक और नशीले पदार्थ बरामद.
प्रतिनिधि, बरहरवा. साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के मोगलपाड़ा में पुलिस ने अफीम और ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में एक मकान में छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5,93,900 रुपये नकद, एक हुंडई वेन्यू चारपहिया वाहन, दो बाइक, नशीले पदार्थ, जनरेटर और केमिकल बरामद किये. मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक निवासी पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.मोगलपाड़ा के मकान में चल रहा था कारोबार
मिली जानकारी के अनुसार, कालियाचक के रहने वाले लोगों ने करीब चार महीने पहले मोगलपाड़ा में 36 लाख रुपये का मकान खरीदा था. बताया जाता है कि इसी मकान में पिछले चार महीने से नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा था. हालांकि, मकान के बिजली कनेक्शन को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है. बिजली कनेक्शन मिलन शाह के नाम पर होने की बात सामने आयी है.
मास्टरमाइंड के भाई समेत पांच गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड का भाई मोहम्मद शाहनवाज शेख भी शामिल है. मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

नकदी, वाहन और केमिकल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5,93,900 रुपये नकद के अलावा एक हुंडई वेन्यू कार, दो बाइक, जनरेटर, केमिकल और नशीले पदार्थ बरामद किये हैं. बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है.
मामले को लेकर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देंगे. फिलहाल पुलिस ने मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.



