रांची में त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों पर छापा मारा. मिलावटी पनीर, कॉकरोच और हानिकारक रंग मिलने पर कार्रवाई हुई.
रांची. राजधानी में त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में जांच अभियान चलाया. इस दौरान कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के रसोईघर में भारी गंदगी मिली, जबकि पनीर की जांच में स्टार्च की मिलावट सामने आयी. अधिकारियों ने मौके पर करीब 15 किलो मिलावटी पनीर और 20 बोतल एक्सपायर कोल्ड ड्रिंक्स नष्ट करायीं. गंभीर अनियमितताओं को लेकर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया गया.
मिठाई प्रतिष्ठान में मिले कॉकरोच और अवधि पार मिठाइयां
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कांके रोड स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान में भी जांच की. यहां कॉकरोच मिलने के साथ ही अवधि समाप्त हो चुकी मिठाइयां पायी गईं. अधिकारियों ने खराब मिठाइयों को तत्काल नष्ट कराते हुए संचालक को नोटिस जारी किया है. इस अभियान का नेतृत्व रांची के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और पवन कुमार ने किया.
ऑक्सीजन पार्क के पास छोले में मिला हानिकारक रंग
अभियान के दौरान ऑक्सीजन पार्क के आसपास ठेला-खोमचा, चाट, पिज्जा और केक बेचने वाली दुकानों की भी जांच की गयी. चलंत खाद्य जांच प्रयोगशाला वाहन से चाट, चटनी, पनीर और छोले के नमूनों की मौके पर ही जांच की गयी. इस दौरान छोले में हानिकारक रंग की मिलावट मिलने पर करीब 10 किलो छोला नष्ट कराया गया.
खाद्य सामग्री में स्वच्छता अपनाने की सख्त हिदायत
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, दस्ताने, एप्रन और टोपी पहनने तथा खाने-पीने की वस्तुओं को अखबार में नहीं परोसने की सख्त हिदायत दी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मिलावट और गंदगी के खिलाफ इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.



