बीडीओ ने कई केंद्रों का किया निरीक्षण, एसआईआर से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर दिया जोर
उधवा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में मतदाताओं को हो रही परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से शनिवार को उधवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन भरने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन किया गया। मेगा हेल्प डेस्क पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2), वॉलिंटियर समेत अन्य अधिकृत कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने तथा व्यक्तिगत विवरण में सुधार कराने की प्रक्रिया समझाई गई। कर्मियों ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जाता है। साथ ही आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों और फॉर्म भरने के तरीके की जानकारी भी दी गई।
बीडीओ ने विभिन्न केंद्रों का लिया जायजा
प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय उधवा भवन में संचालित तीन मतदान केंद्रों तथा मध्य विद्यालय उधवा भवन में संचालित तीन मतदान केंद्रों समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अंचल अधिकारी आशीष कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने हेल्प डेस्क पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों को मतदाताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन संबंधी परेशानियों से राहत दिलाने और निर्वाचन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया। मौके पर बाबूधन हेंब्रम, बीएलओ अबुल कलाम समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।



